Arrah News : कैमूर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरांव गांव में चार दिनों से लापता युवक का शव सोमवार सुबह नहर से बरामद किया गया. शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के घर में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शुक्रवार से लापता था युवक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरांव गांव निवासी राम आश्रम साह के 40 वर्षीय पुत्र संतोष साह के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार संतोष साह शुक्रवार से लापता था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
नहर में मिला शव, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी सोमवार की सुबह ग्रामीणों और परिजनों को सूचना मिली कि गांव स्थित नहर में एक शव दिखाई दे रहा है. सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
परिजनों ने नहीं जताई किसी पर आशंका चरपोखरी थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के लापता होने की मौखिक सूचना शुक्रवार को दी गई थी, लेकिन परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था. शव बरामद होने के बाद परिजनों ने लिखित आवेदन देकर बताया कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है. उन्होंने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप या आशंका नहीं जताई है और किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ पुलिस प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए. बताया जाता है कि संतोष साह के परिवार में पत्नी पिंकी देवी, दो पुत्रियां प्रिया कुमारी और रिया कुमारी तथा एक पुत्र रोहित कुमार उर्फ गोलू कुमार हैं. घटना के बाद पत्नी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
