आरा: बनास नदी में डूबे किसान का शव दूसरे दिन बरामद, SDRF की टीम ने जलकुंभी हटाकर निकाला बाहर

आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बुधवार को मवेशियों के लिए चारा लाने गए किसान मथुरा यादव की बनास नदी में डूबने से मौत हो गई. एसडीआरएफ की टीम ने गुरुवार सुबह जलकुंभी हटाकर शव बरामद कर लिया. इस घटना से परिजनों में गहरा दुख है.

Arrah News: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव के पास बनास नदी में डूबे अधेड़ किसान का शव गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया. मृतक की पहचान छोटकी सनदिया गांव निवासी स्व. यमुना यादव के 49 वर्षीय पुत्र मथुरा यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे.

तैरकर पार करने के दौरान डूबे

सनदिया पंचायत के मुखिया हरेंद्र यादव ने बताया कि बुधवार की सुबह मथुरा यादव अपनी पत्नी के साथ मवेशियों के लिए चारा लाने खेत गए थे. गांव से होकर गुजरने वाली बनास नदी में इन दिनों बाढ़ का पानी भरा हुआ है. चारा लेकर लौटते समय उन्होंने नदी को तैरकर पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से वह डूब गए.

जलकुंभी हटाने के बाद मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. बुधवार शाम तक काफी खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिली. गुरुवार सुबह नदी में जमी भारी जलकुंभी को ग्रामीणों की मदद से हटाया गया. इसके बाद एसडीआरएफ की दो टीमों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया.

मृतक के परिजनों का फोटो | Prabhat Khabar Network

नेताओं ने की मुआवजे की मांग, परिवार में मातम

घटना की सूचना पाकर पूर्व राजद विधायक अनवर आलम, जिला परिषद सदस्य भीम यादव, युवा नेता रघुपति यादव और माले नेता कयामुद्दीन अंसारी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मिलने वाले मुआवजे की शीघ्र मांग की. मृतक मथुरा यादव अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे. परिवार में पत्नी उषा देवी, दो बेटे अंजय यादव व नारायण यादव और एक बेटी कांति देवी हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: आरा: बीडीओ अनुराधा ने झाड़ू लगा कर दिया स्वच्छता का संदेश, उदवंतनगर में शुरू हुआ स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >