Babu Jagdeo Prasad Martyrdom Day : बिहार लेनिन अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद के शहादत दिवस के अवसर पर जगदेव नगर स्थित बाबू जगदेव प्रसाद शोध संस्थान परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बाबू जगदेव प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष, विचारों तथा सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को याद किया.
सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में आरा के पूर्व विधायक अनवर आलम, जन सुराज पार्टी के आरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. विजय कुमार गुप्ता, शोध संस्थान के संयोजक अभिषेक मेहता, युवा नेता कुमुद पटेल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव जागा कुशवाहा सहित कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाबू जगदेव प्रसाद के बताए रास्ते पर चलने और समाज में समानता एवं सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.
शोषित और वंचित समाज की आवाज थे बाबू जगदेव
माल्यार्पण के बाद पूर्व विधायक अनवर आलम ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद शोषित, पीड़ित और वंचित समाज के अधिकारों की बुलंद आवाज थे. उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक गैर-बराबरी, शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष में लगा दिया. उनका मानना था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान, अधिकार और बराबरी का अवसर मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद का संघर्ष किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं था, बल्कि वे सामाजिक परिवर्तन और समानता की व्यापक लड़ाई के प्रतीक थे. आज के दौर में उनके विचारों को समझने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है.
त्याग और संघर्ष की मिसाल है उनका जीवन
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद का जीवन त्याग, संघर्ष और सामाजिक चेतना की मिसाल है. उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और समाज में बराबरी स्थापित करने की प्रेरणा देती रहेगी.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद के सपनों के सामाजिक न्यायपूर्ण और समानतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लिया. साथ ही उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.
Also Read : PHOTOS : आरा में ट्रांसफार्मर के नीचे सज रही दुकानें, तस्वीरों में देखिए खतरे के बीच कैसे हो रहा कारोबार
