आरा: ओझा-गुणी के आरोप में बड़े भाई की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या, धनगाई के मिठहां में छोटे भाई पर लगा आरोप

आरा के धनगाई थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. ढाई साल पहले भतीजी की मौत पर उपजे विवाद के कारण छोटे भाई ने की निर्मम हत्या. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Arrah News: जिले के धनगाई थाना क्षेत्र स्थित मिठहां गांव में अंधविश्वास और आपसी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मिठहां गांव (वार्ड नंबर-12) निवासी स्व. रबड़ राम के 73 वर्षीय पुत्र हीरालाल राम के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि हीरालाल के छोटे भाई ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.

ढाई साल पहले भतीजी की मौत पर उपजा था विवाद

मृतक के बेटे अजय राम ने बताया कि उनके पिता वर्षों से ओझा-गुणी का काम करते थे. करीब ढाई वर्ष पूर्व उनके छोटे भाई लालबाबू राम की बेटी की बीमारी से मौत हो गई थी. लालबाबू का मानना था कि हीरालाल की ओझाई और जादू-टोने के कारण ही उसकी बेटी की जान गई है. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले ढाई साल से तनातनी और विवाद चल रहा था.

घर पर दम तोड़ा, सिर पर मिले गहरे जख्म

गुरुवार की रात जब हीरालाल अपने छोटे भाई लालबाबू राम के घर गए, तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लालबाबू ने लाठी-डंडे से हीरालाल पर हमला कर दिया. मारपीट में उनके सिर के पीछे गंभीर चोट आई और सिर कट गया. परिजन उन्हें बचाकर घर ले आए, लेकिन शुक्रवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया.

आरोपित फरार, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. पुलिस के अनुसार, परिजनों ने छोटे भाई द्वारा हत्या किए जाने की बात कही है. घटना के बाद आरोपित लालबाबू राम फरार है. पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से औपचारिक आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज की जाएगी.

Also Read: आरा: बीडीओ अनुराधा ने झाड़ू लगा कर दिया स्वच्छता का संदेश, उदवंतनगर में शुरू हुआ स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >