Bhojpur News : भगवान महावीर मार्ग, शिवगंज स्थित भगवान महावीर स्वामी जल मंदिर परिसर में इनर व्हील इंटरनेशनल विमेंस क्लब, आरा के सौजन्य से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान क्रोटन, जूही, बेला, गुलदाउदी, मंदांगिनी, गुलाबहजारा समेत विभिन्न शो प्लांट के पौधे लगाये गये. कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मंदिर परिसर में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया.
पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण जरूरी
विमेंस क्लब की अध्यक्ष रितु सिन्हा ने कहा कि पर्यावरण को संतुलित रखने, हरियाली बढ़ाने और सेवाभाव के उद्देश्य से जैन जल मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया है. उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं. इनके बिना पर्यावरण का संतुलन संभव नहीं है. पर्यावरण को संतुलित रखे बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना भी बेमानी है.
अभियान के रूप में पौधारोपण अपनाने की अपील
रितु सिन्हा ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को अभियान के रूप में अपनाने की जरूरत है. केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की.
क्लब सदस्यों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
पौधारोपण कार्यक्रम में जल मंदिर संयोजक निलेश कुमार जैन, संयोजिका नेहा जैन, अभिना जैन, पूजा जैन, वीरा जैन, सृष्टि जैन, आध्यात्म जैन, विमेंस क्लब की सचिव निवेदिता सिंह, ईएसओ रेखा जैन, वार्ड पार्षद एवं सदस्य शाइस्ता मुशर्रफ, मंदिर स्टाफ चंदन और मंदिर माली जोगिंदर सहित अन्य लोग मौजूद रहे. सभी ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतायी.
