आरा.
मद्य निषेध विभाग द्वारा जिले में शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की ओर से ट्रैक्टर से भारी मात्रा में विदेशी शराब पटना की ओर जा रही है. इसको लेकर निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित हुई. इस दौरान नयका टोला मोड ख्वासपुर (थाना-ख्वासपुर) से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गयी. ट्रैक्टर पर निबंधन संख्या अंकित नहीं पाया गया, अंधेरा होने के कारण वाहन चालक फरार होने में सफल रहा. उक्त वाहन से कुल 6720 पीस में 1209.600 लीटर विदेशी शराब जब्त की गयी. जब्त शराब का बाजार मूल्य करीब 15 लाख के करीब आंका गया. छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक रवि कुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा के साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
