आरा: होटल व्यवसायी लूटकांड में दो और गिरफ्तार, एक आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर

कोइलवर थाना क्षेत्र में होटल व्यवसायी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी है.

Arrah News : कोइलवर भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र में होटल व्यवसायी से हुई लूटकांड के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नामजद आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. अब तक इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एक आरोपी कोर्ट में सरेंडर कर चुका है.

होटल से लौट रहे व्यवसायी से हुई थी लूट

थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने बताया कि 16/17 जुलाई की रात वार्ड संख्या-5 निवासी एवं होटल अतिथि के संचालक अरविंद कुमार अपने पार्टनर अभिषेक कुमार और बबलू कुमार के साथ होटल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनकी सोने की चेन और 40 हजार रुपये लूट लिए थे. इस मामले में कोइलवर थाना कांड संख्या-151/26 दर्ज किया गया था.

दो आरोपियों के पास से नकदी बरामद

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक राज के निर्देश पर सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पहले 18 जुलाई को मुन्ना कुमार और अभिषेक उर्फ मोदीया को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की 2,500 रुपये नकदी और एक अवैध हथियार बरामद किया गया था.

इसी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को पुलिस ने धनडीहा गांव से हैप्पी उर्फ आदित्य सिंह (19) और अभिषेक कुमार उर्फ गांधी (19) को गिरफ्तार किया. दोनों के पास से लूट की 3,500-3,500 रुपये नकदी, घटना से संबंधित दस्तावेज और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार हैप्पी उर्फ आदित्य सिंह के खिलाफ पहले से कोइलवर थाना में दो और बिहटा थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है.

एक आरोपी ने किया आत्मसमर्पण, अन्य की तलाश जारी

मामले के नामजद आरोपी बिट्टू कुमार, पिता अजय राय, वार्ड संख्या-4, कोइलवर निवासी ने पुलिस की लगातार दबिश के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि लूटकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepak kumar gupt

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >