भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के सरैया बाजार स्थित भारत सरकार से मान्यता प्राप्त हाई ट्रेनिंग सेंटर में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया. कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने किया.
अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना था.
उत्पीड़न की स्थिति में घबराएं नहीं, तत्काल पुलिस को दें सूचना: एसआई पूजा कुमारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआई पूजा कुमारी ने कहा कि प्रत्येक महिला और बालिका को अपने अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है.
उन्होंने कहा कि छेड़खानी, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में घबराने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है.
ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की दी गई जानकारी
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने के खतरों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी.
साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों और आत्मरक्षा के प्रभावी उपायों पर भी प्रकाश डाला गया.
आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने की अपील
अधिकारियों ने छात्राओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
उन्होंने आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सहित अन्य पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया.
छात्राओं ने पूछे सवाल, अधिकारियों ने दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया.
इस मौके पर ट्रेनिंग सेंटर के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं.
