पूर्व के विवाद व आपसी वर्चस्व में दो पक्षों में फायरिंग

घटनास्थल से दो गोलियां, एक खोखा और एक पिलेट बरामद

आरा.

नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा में पूर्व के विवाद और आपसी वर्चस्व को लेकर गुरुवार की शाम दो पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी. एक पक्ष द्वारा तीन और दूसरे पक्ष की ओर से दो राउंड गोलीबारी की गयी. हालांकि फायरिंग की इस घटना में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है. लेकिन, गोलीबारी से इलाके में सनसनी मच गयी. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विपिन बिहारी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और अपने स्तर से छानबीन की. पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक पिलेट बरामद किया है. मौके से दोनों पक्षों के दो आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया है. उनमें एक पक्ष के कृष्ण कुमार यादव और दूसरे पक्ष के ललन कुमार शामिल हैं.इस मामले में पुलिस की तहरीर पर दोनों पक्षों के छह नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें एक पक्ष के दशरथ यादव, उनके भाई तेज नारायण यादव, कृष्ण कुमार यादव और अशोक यादव जबकि दूसरे पक्ष के ललन कुमार एवं धनु यादव उर्फ अंकुश शामिल हैं. पुलिस के अनुसार चंदवा निवासी दशरथ यादव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है. उसके खिलाफ पूर्व से भी आर्म्स एक्ट सहित कई केस दर्ज हैं. प्राथमिकी के अनुसार गुरुवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि चंदवा मोहल्ले में डीह पर स्थित राजेंद्र यादव के घर के पास फायरिंग की गयी है. उस आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम पहुंची और छानबीन शुरू की. उस दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज से घटना सही साबित हुई.उसके बाद पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार पहले दशरथ यादव और उसके भाइयों द्वारा तीन राउंड फायरिंग की गयी. उन लोगों के जाने के बाद ललन कुमार के पक्ष की ओर से दो राउंड गोलीबारी की गयी. पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दशरथ यादव और उसके भाइयों को फायरिंग करते देखा भी जा रहा है. पुलिस अन्य आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >