गोवर्धन पूजा में नाटक देख रहे युवक की गोली मारकर हत्या

पूर्व के विवाद को लेकर हत्या करने की सामने आ रही बातघटनास्थल से दो खोखा एवं एक कारतूस बरामद, मामले की जुटी पुलिसचरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन टोला गांव में गुरुवार की रात हुई घटना

आरा.

चरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन टोला गांव में गुरुवार की रात गोवर्धन पूजा के दौरान नाटक देख रहे जेल से जमानत पर बाहर आये युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. मृतक को काफी करीब से दो गोलियां मारी गयी हैं. उसे एक गोली उसके दाहिने साइड सीने एवं दूसरी गोली नाभि के ऊपर लगी है, जो आरपार हो गयी है.

वहीं, घटना के बाद गोवर्धन पूजा के दौरान नाटक देख रहे लोगों के बीच अफरा-तफ़री मची रही. उधर, सूचना मिलते ही चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा एवं एक कारतूस बरामद किया. जानकारी के अनुसार मृतक चरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन टोला गांव निवासी राजेंद्र सिंह का 28 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार है, जो मजदूरी कर जीवनयापन करता था. इधर, मृतक के बड़े भाई विनोद कुमार ने बताया कि करीब ढाई-तीन वर्ष पूर्व उनके पट्टीदार सत्येंद्र सिंह से मारपीट हुई थी, जिसमें दूसरे पक्ष के लोग जख्मी हो गये थे. उसमें उनके भाई चंदन कुमार को आरोपित बनाया गया था. उस मामले में जेल भी गया था. हाल में वह जेल से जमानत पर बाहर आया था, जिसे लेकर उक्त पट्टीदार से विवाद चल रहा है. गुरुवार की रात जब वह गांव में घर से सौ मीटर दूरी पर स्थित गोवर्धन पूजा के दौरान नाटक देख रहा था, तभी वहां सत्येंद्र सिंह सहित अन्य लोगों के साथ उसका विवाद हुआ, जिसके बाद उन लोगों द्वारा उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी. विनोद कुमार ने गांव के ही पप्पू, अजीत, संजीत, गौरी शंकर एवं सत्येंद्र सिंह पर झगड़ा करने एवं राजू, अजीत, गौरी शंकर एवं संजीत पर गोली मारकर अपने भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व बाबूबांध पंचायत के मुखिया संजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. उक्त हत्याकांड में राजू का नाम आया था. उस मामले में वह जेल भी गया था. जमानत पर बाहर आया है. वहीं चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सत्येंद्र सिंह के पिता की वर्ष 2022 में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गयी थी, जिसमें मृतक चंदन कुमार नामजद आरोपित था और वह जेल भी गया था. उसी विवाद को कारण हत्या करने की बात सामने आ रही है. हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. मृतक के घर में मचा हाहाकार, परिजन रो-रोकर बेहाल है. बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाइयों में छोटा था. उसके परिवार में मां विमला देवी, पत्नी प्रियंका देवी, पुत्री श्रेष्ठी कुमारी एवं पुत्र शुभम कुमार है. घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया. उसकी मां विमला देवी, पत्नी प्रियंका देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >