Baba Langtanath Dham : सावन शिवरात्रि के मौके पर देवाधिदेव महादेव को जलाभिषेक के लिए शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान 'हर हर महादेव' के जयघोष से पूरा माहौल गूंज उठा. ऐतिहासिक बाबा लंगटनाथ धाम स्थित शिव मंदिर में दूर-दूर से हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचे.
सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही जयकारे से वातावरण गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने बाबा लंगटनाथ का जलाभिषेक किया. मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार को शिवरात्रि के अवसर पर हजारों लोगों ने बाबा लंगटनाथ की पूजा-अर्चना की तथा मनोवांछित फल की कामना की. इस वर्ष मंगलवार को शिवरात्रि होने के चलते मंदिरों में अपेक्षाकृत अधिक भीड़ देखी गई.
व्रत, आराधना और प्रबंधन समिति के इंतजाम
भगवान शिव के साथ ही लोगों ने हनुमानजी की आराधना की. श्रद्धालुओं ने शिवरात्रि के साथ ही मंगलावरी का व्रत रखा. यहाँ आने वाले भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखकर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे.
अनेक श्रद्धालु एक दिन पहले ही बाबा लंगटनाथ धाम पहुंचे थे. ठहरने की कोई अच्छी व्यवस्था नहीं होने के कारण आने वाले श्रद्धालुओं को कठिनाई भी झेलनी पड़ी. श्रद्धालुओं की आई भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लोकल वॉलेंटियर्स मुस्तैद दिखे.
विभिन्न शिवालयों में अनुष्ठान और महिलाओं की सहभागिता
बाबा लंगटनाथ के अलावा तमाम शिवालयों व देवालयों में भी लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. खासकर महिलाओं व कुंवारी कन्याओं ने सावन मास का शिवरात्रि का व्रत रखा.
शिवरात्रि के दिन शिव के जलाभिषेक के साथ ही व्रत रखने की परंपरा है. बाबा लंगटनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु कतार में खड़े रहे.
धार्मिक आयोजन और सजावट
मंदिरों में साज-सजावट देखी गई. इस मौके पर जगह-जगह भजन संध्या, शिव आध्यात्मिक चर्चा सहित हरिनाम संकीर्तन भी आयोजित किए गए.
