Arrah Firing Incident: गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव में सोमवार की सुबह कीचड़ का छींटा पड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया. गोली जख्मी के बाएं पैर में घुटने के ऊपर लगी और आर-पार हो गयी. घटना के बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया. सूचना मिलने पर गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी.
जख्मी युवक मजदूरी करता है
जख्मी युवक की पहचान लसाढ़ी गांव निवासी रमेश कुमार सिंह के 32 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है. जितेंद्र कुमार मजदूरी करता है. उसके पिता रेलवे में एलटीआई (रेल लाइटिंग इंस्पेक्टर) के पद पर दानापुर में कार्यरत हैं.
बाइक की रफ्तार को लेकर हुआ विवाद
जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह उसका बच्चा घर के बाहर गली में खड़ा था. इसी दौरान गांव का एक युवक तेज रफ्तार से बाइक लेकर वहां से गुजर रहा था. उसने युवक से गली में बाइक धीरे चलाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर विवाद हो गया.
जितेंद्र के अनुसार कुछ देर बाद उक्त युवक अपने एक अन्य साथी के साथ उसके दरवाजे पर आया और उसे गोली मार दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी ने गांव के ही गोरख और अजीत कुमार पर गोली मारने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने कीचड़ के छींटे को बताया विवाद की वजह
गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि सुबह जख्मी युवक का भाई मनीष कुमार गांव के बाहर नहर की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसी गांव का अजीत कुमार बाइक से नहर की ओर जा रहा था. उसकी बाइक से मनीष कुमार पर कीचड़ का छींटा पड़ गया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया.
थानाध्यक्ष के अनुसार कुछ देर बाद अजीत कुमार बाइक से गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान जितेंद्र कुमार ने तेज रफ्तार से बाइक चलाने को लेकर उससे सवाल किया. इसी विवाद के बाद जितेंद्र कुमार को गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस जख्मी युवक के बयान और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी के आधार पर पूरे मामले की छानबीन कर रही है. गोली चलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है.
