Arrah News : भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत कृष्णगढ़ थाना पुलिस ने ने न्यायालय से निर्गत वारंट के आलोक में थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. पुलिस ने देवरिया गांव निवासी वीरेन सिंह की पत्नी प्रेमा देवी के घर पहुंचकर विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत कुर्की की कार्रवाई पूरी की. पुलिस ने बताया कि संबंधित मामले में न्यायालय से कुर्की-जब्ती का आदेश प्राप्त होने के बाद आवश्यक पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की गई.
चल-अचल संपत्ति की सूची बनाकर जब्त किया सामान
इस कार्रवाई के दौरान न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए घर में मौजूद चल-अचल संपत्ति का विधिवत सूचीकरण कर कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप कुर्की की गई. कार्रवाई के दौरान गांव में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई, हालांकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. इस कार्रवाई से क्षेत्र के फरार और वारंटी अपराधियों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है.
आदेशों की अवहेलना करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. वहीं पुलिस ने स्पष्ट कहा कि न्यायालय से निर्गत वारंट एवं अन्य आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
