Arrah News : भोजपुर जिले की जगदीशपुर थाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनकी गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के नयका टोला स्थित पुल के नीचे से हुई, जिसके बाद उनके पास से विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई तीन बाइक भी बरामद की गई हैं. गिरफ्तार आरोपियों में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सोमनाथ के बथान गांव निवासी अशोक यादव का पुत्र पंकज कुमार, उसी गांव के निवासी मनोज सिंह का पुत्र जयप्रकाश कुमार एवं तीयर थाना क्षेत्र के अंगरुआ गांव निवासी कमलेश सिंह का पुत्र मोहित कुमार शामिल हैं.
इसकी आधिकारिक जानकारी पुलिस अधीक्षक राज ने प्रेस रिलीज जारी कर दी है. एसपी ने बताया कि जगदीशपुर थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बिहिया की ओर से एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक जगदीशपुर नयका टोला की ओर जा रहे हैं.
भागने के प्रयास में दबोचे गए
सूचना के सत्यापन के उपरांत पुलिस ने वरीय प्राधिकारी को सूचित करते हुए नयका ओवरब्रिज के पास त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान लगाया. तभी बिहिया की तरफ से आ रही एक बाइक को जब पुलिसकर्मियों द्वारा रुकने का इशारा किया गया, तो पुलिस बल को देखकर तीनों आरोपी बाइक को घुमाकर वापस भागने का प्रयास करने लगे.
तभी पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में उनके पास से बरामद बाइक चोरी की पाई गई, जिस पर वे फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेखौफ होकर घूम रहे थे.
निशानदेही पर अन्य बाइक बरामद
इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मोहित कुमार की निशानदेही पर बिहिया रोड स्थित मछली मार्केट से दो और चोरी की बाइक को सुरक्षित बरामद किया. इस बड़ी सफलता के पश्चात जगदीशपुर थाने में पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. स्थानीय पुलिस अब गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों के पूरे नेटवर्क को भी खंगाल रही है.
