Bihar Cyber Crime:(नरेन्द्र प्रसाद सिंह) भोजपुर जिले के आरा में साइबर फ्रॉड के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने मामले में पीरो डीएसपी के रीडर रामनंदन मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ पटना के साइबर थाना में मामला दर्ज कराया गया था. जिसके बाद लंबे समय से मामले की जांच चल रही थी.
फर्जी नोटिफिकेशन जारी करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि पटना में पदस्थापन के दौरान उन्होंने पुलिस मुख्यालय के लेटर पैड का दुरुपयोग करते हुए तीन पुलिस अधीक्षकों के स्थानांतरण का फर्जी नोटिफिकेशन जारी किया था. इसी मामले को लेकर उनके खिलाफ साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
साइबर टीम की जांच के बाद गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मामले की जांच के दौरान साइबर टीम ने हाल ही में आरोपी से पूछताछ की थी. इसके बाद टीम ने भोजपुर पुलिस को गिरफ्तारी के निर्देश दिए. निर्देश के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रीडर को गिरफ्तार कर लिया.
आगे की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा इसके इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
