आरा में बनेगा नया केंद्रीय विद्यालय, सम्राट कैबिनेट की बैठक में पश्चिम चंपारण में डिग्री कॉलेज को भी मंजूरी

Bihar Cabinet Decision: सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया. आरा में नया केंद्रीय विद्यालय तथा पश्चिम चंपारण में डिग्री कॉलेज खोलने को मंजूरी मिली है.

Bihar Cabinet Decision: पटना में हुई कैबिनेट की दूसरी बैठक में कुल 63 एजेंडों पर मुहर लगी. इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए. खास बात यह रही कि सरकार ने शिक्षा के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए नए स्कूल और कॉलेज खोलने का निर्णय लिया.

कैबिनेट ने आरा में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए पांच एकड़ जमीन 30 साल की लीज पर केंद्रीय विद्यालय संगठन को देने की मंजूरी दी है. इसके साथ ही नवादा में भी केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है. सरकार का मानना है कि इन स्कूलों के खुलने से छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी.

पश्चिम चंपारण में खुलेगा नया डिग्री कॉलेज

उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पश्चिम चंपारण के मधुबनी अंचल में डिग्री कॉलेज खोलने की मंजूरी दी गई है. इसके लिए 5.81 एकड़ जमीन शिक्षा विभाग को हस्तांतरित की जाएगी. इस कॉलेज के बनने से स्थानीय छात्रों को बाहर जाने की जरूरत कम होगी और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा.

ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षा की सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव और दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचे. केंद्रीय विद्यालय और डिग्री कॉलेज की स्थापना से इन क्षेत्रों के छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा.

अन्य अहम फैसले भी लिए गए

कैबिनेट बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए, जिनमें सड़क चौड़ीकरण, थर्मल पावर परियोजना, बिहार पुलिस में बंपर बहाली. स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कदम शामिल हैं. हालांकि, इस बैठक में शिक्षा से जुड़े फैसले सबसे ज्यादा चर्चा में रहे.

क्या बदलेगा?

आरा, नवादा और पश्चिम चंपारण में नए शैक्षणिक संस्थानों के खुलने से हजारों छात्रों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा. इससे बिहार में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है और युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिलेगी.

Also Read: सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक में बड़े फैसलों की बारिश, 63 एजेंडों पर लगी मुहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >