भोजपुर: जगदीशपुर में युवक की गोली मारकर हत्या के विरोध में नायका टोला मोड़ पर आगजनी व सड़क जाम; डीएसपी के आश्वासन के बाद माने परिजन

जगदीशपुर थाना क्षेत्र में युवक की निर्मम हत्या के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. पैसों के बंटवारे के विवाद में हुई हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग जाम कर आगजनी की. डीएसपी के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ.

Bhojpur News: जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक युवक की सीने में गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और घटनास्थल पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर जगदीशपुर के नायका टोला मोड़ के पास टायर जलाकर और आगजनी कर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम के चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

पैसे के बंटवारे के विवाद में तेंदुनी मोड़ के पास मारी थी गोली

घटना के संदर्भ में प्राप्त विवरण के अनुसार, जगदीशपुर नगर पंचायत के विशेन टोला (वार्ड संख्या-12) निवासी मनोज यादव का 20 वर्षीय पुत्र अभय कुमार गुरुवार की रात तेंदुनी गांव मोड़ के समीप मौजूद था. इसी दौरान पैसे के कथित बंटवारे को लेकर हुए विवाद में अपराधियों ने बेहद करीब से उसके सीने में गोली दाग दी. गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा. साथी और परिजन आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, परंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, डीएसपी ने संभाला मोर्चा

सड़क जाम और आगजनी की सूचना मिलते ही जगदीशपुर डीएसपी राहुल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) क्रांति कुमार, अंचल पदाधिकारी (सीओ) विश्वास आनंद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनिरुद्ध प्रसाद, नगर पंचायत जेई रोशन कुमार पांडे सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने उग्र भीड़ और पीड़ित परिजनों से सीधी बातचीत शुरू की.

विशेष टीमों का गठन, जल्द सलाखों के पीछे होंगे हत्यारे: डीएसपी (कोट)

"हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर कई विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस की टीमें नामजद व संदिग्ध आरोपियों के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी कर रही हैं. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा." राहुल कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP), जगदीशपुर

डीएसपी के ठोस आश्वासन और सख्त कार्रवाई के वादे के बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके उपरांत पुलिस ने आवागमन सुचारू कराया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है.

Also Read: आरा : बाढ़ के बीच अधिकारियों की छुट्टी पर लगी रोक, भोजपुर डीएम का सख्त आदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >