आरा मामूली विवाद में बालू घाट के मुंशी को मारा चाकू, आरोपी गिरफ्तार

Bhojpur News: भोजपुर के सहार थाना क्षेत्र के पेउर बालू घाट नंबर-5 पर मामूली विवाद में मुंशी पर चाकू से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल मुंशी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

आरा से मो. वसीम की रिपोर्ट
Bhojpur News:
भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के पेउर गांव स्थित बालू घाट नंबर-5 पर शनिवार की देर रात मामूली विवाद में बालू घाट के मुंशी को चाकू मार दी गई. जख्मी मुंशी के दाहिने एवं बाएं साइड सीने में चाकू मारी गई है, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और परिजनों द्वारा उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया. इधर, घटना की सूचना पाते ही स्थानीय सहार थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की वैज्ञानिक छानबीन में जुट गई.

दूसरे घाट पर जाने को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी मुंशी की पहचान सहार थाना क्षेत्र के पेउर गांव निवासी स्वर्गीय अब्दुल रजाक के 50 वर्षीय पुत्र मो. अलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो पेउर गांव स्थित बालू घाट नंबर-5 पर मुंशी का काम करते हैं. पीड़ित मो. अलाउद्दीन ने अस्पताल में बताया कि वह शनिवार की देर रात अपने बालू घाट पर मुंशीगिरी का काम देख रहे थे. उसी घाट पर उनके ही गांव का एक युवक मजदूरी का कार्य करता है. इसी बीच उक्त मजदूर युवक बिना बताए दूसरे बालू घाट पर चला गया, जिसके वापस लौटने पर मुंशी ने उससे पूछताछ शुरू की.

खाना खाकर लौटते ही आरोपी ने किया जानलेवा हमला

मुंशी द्वारा दूसरे घाट पर जाने का कारण पूछने पर दोनों के बीच तीखी कहासुनी होने लगी. हालांकि, उस समय घाट पर मौजूद जावेद नामक एक अन्य व्यक्ति ने बीच-बचाव कर दोनों के बीच के मामले को शांत करा दिया था, जिसके बाद बात पूरी तरह खत्म हो गई थी. लेकिन आरोपी मजदूर के मन में खुन्नस बची हुई थी. जब मुंशी मो. अलाउद्दीन देर रात खाना खाकर वापस अपने काम पर लौटे, तभी उक्त युवक ने घात लगाकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा

इस खूनी वारदात के बाद जख्मी मुंशी मो. अलाउद्दीन के बयान पर सहार थाना में पेउर गांव निवासी आरोपी मो. नसीम उर्फ मोने के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सहार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के तुरंत बाद छापेमारी कर नामजद आरोपी मो. नसीम उर्फ मोने को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: आरा में प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन, 600 छात्रों को किया गया सम्मानित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >