Bhojpur New Degree Colleges : मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में आज विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें फार्मर रजिस्ट्री, टीबी मुक्त भारत अभियान, नए डिग्री महाविद्यालयों के लिए भूमि की उपलब्धता, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, समाज कल्याण विभाग की लंबित योजनाओं तथा वेज फेड की समीक्षा की गई.
संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने अद्यतन प्रगति की जानकारी दी तथा मुख्य सचिव ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े डीएम
इस बैठक में जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जहां उन्होंने भोजपुर जिले में संबंधित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया तथा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
नए डिग्री महाविद्यालयों के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि भोजपुर जिले में चार नए डिग्री महाविद्यालय सहार, संदेश, चरपोखरी एवं अगिआंव में खोले गए हैं.
उन्होंने चारों डिग्री महाविद्यालयों के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने तथा चिह्नित भूमि पर निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और लक्ष्य की समीक्षा
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने बताया कि भोजपुर जिले के लिए 9,000 से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है जिसके अनुरूप कार्य लगातार जारी है.
Also Read : गया जी : शादी का झांसा देकर वर्षों तक बनाता रहा संबंध, अब शादी से इनकार का आरोप; युवक गिरफ्तार
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में और तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
फार्मर रजिस्ट्री, टीबी मुक्त अभियान और समाज कल्याण योजनाएं
श्री मीणा ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया, साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने को कहा तथा समाज कल्याण विभाग की लंबित योजनाओं व मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी लाभ मिल सके.
