Bhojpur Bharat Tiwari Encounter : भोजपुर जिले भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर में मारे गए मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद की पुस्तकालय समिति के अध्यक्ष मदन मोहन झा मंगलवार को बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उनका दर्द सुना और पूरे मामले की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह मामला एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है.
परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
मदन मोहन झा ने भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने परिवार के सदस्यों से घटना की पूरी जानकारी ली और उनके दुख में शामिल हुए. इस दौरान माहौल काफी भावुक हो गया, जहां परिजन लगातार न्याय की मांग करते नजर आए.
एनकाउंटर पर उठाए गंभीर सवाल
मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मदन मोहन झा ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह घटना एनकाउंटर नहीं लगती. उन्होंने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह एक सोची-समझी कार्रवाई लगती है, जिसमें भरत भूषण तिवारी के साथ बड़ा अन्याय हुआ है. उन्होंने कहा कि इस घटना को एनकाउंटर बताना सच्चाई से मुंह मोड़ने जैसा है.
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
कांग्रेस नेता ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय जब भरत भूषण तिवारी को गोली लगी थी, तब उनके पिता को थाने में बैठाकर रखा गया. उन्होंने इसे पुलिस की संवेदनहीनता करार दिया और कहा कि यह व्यवहार कई गंभीर सवाल खड़े करता है.
निष्पक्ष जांच की उठी मांग
मदन मोहन झा ने कहा कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस घटना को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें अपने बयान पर पुनर्विचार करना चाहिए.
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी. जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा और जनआंदोलन भी किया जाएगा.
बिलौटी कांड अब सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह न्याय और व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मुद्दा बनता जा रहा है. लगातार उठ रही मांगों के बीच अब सबकी नजर प्रशासन और जांच एजेंसियों पर टिकी है कि इस मामले में सच्चाई कब सामने आती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है.
Also Read: भरत तिवारी को न्याय दिलाने के लिए कटवाए बाल, भोजपुर के बिलौटी में आमरण अनशन शुरू
