भरत तिवारी एनकाउंटर पर फिर उठे सवाल, कोईलवर में श्रद्धांजलि सभा कर CBI जांच की मांग

Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी की मौत को लेकर कोईलवर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की. वक्ताओं ने मामले की सच्चाई सामने लाने और परिजनों को न्याय दिलाने की बात कही.

भोजपुर जिले के कोईलवर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत पर कोईलवर में भी लोगों का आक्रोश चरम पर है. इस क्रम में मंगलवार की शाम को कोईलवर नगर के शहीद कपिलदेव चौक पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में स्थानीय नगरवासियों और प्रबुद्ध जनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवार के साथ अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.

आत्मसमर्पण के बाद गोली मारने का आरोप

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने भरत तिवारी की मौत के घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पर कई गंभीर सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. उपस्थित लोगों का साफ कहना था कि भरत तिवारी ने पहले ही पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद करीब से गोली मार दी गई. इस तथ्य से यह पूरी तरह स्पष्ट होता है कि भरत तिवारी का एनकाउंटर महज कोई पुलिसिया मुठभेड़ या दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी और सुनियोजित हत्या है.

सीबीआई जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने तथा इस कांड में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. सभा के दौरान वक्ताओं ने भरत तिवारी के लाचार परिजनों को न्याय दिलाने और घटना की सच्चाई को अविलंब सामने लाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और कानून के शासन में हर एक व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय पाने का पूरा अधिकार है.

दो मिनट का मौन रख दी गई विदाई

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद वीरमन्यु, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, उपेंद्र बाबा, रितिक ओझा, अमित सिंह भूटाली, कुल्हड़िया के उपमुखिया सुरेंद्र सिंह, प्रशांत मिश्रा, सुनील गुप्ता, अमन सिंह और कुंदन शामिल हुए. इसके साथ ही पैक्स अध्यक्ष कुल्हड़िया नितेश कुमार सिंह, भाजपा नेता अजीत सिंह और अवधेश सिंह समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में अब तक क्या-क्या हुआ और कैसे बदलता गया पूरा मामला? जानिए 7 दिनों का पूरा घटनाक्रम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikas Jha

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >