Arrah News: भोजपुर जिले अंतर्गत बड़हरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को 'हर घर तिरंगा यात्रा' का भव्य आयोजन किया गया. इस तिरंगा यात्रा में प्रखंड व अंचल के अधिकारियों, कर्मचारियों, जीविका दीदियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के नारों और तिरंगे के रंगों में सराबोर नजर आया.
प्रखंड परिसर से सेमरिया बांध तक गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा का सफल नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) निलेश कुमार ने किया. यह यात्रा प्रखंड सह अंचल कार्यालय से शुरू होकर सेमरिया बांध और प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरती हुई वापस प्रखंड परिसर पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे अधिकारियों और जीविका समूह की महिलाओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए और आम लोगों को स्वतंत्रता दिवस के गौरवमयी इतिहास और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया.
हर घर पर तिरंगा फहराने की अपील
बीडीओ निलेश कुमार ने बड़हरा वासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आज़ादी और अमर शहीदों के महान बलिदान को याद करने का पावन अवसर है. उन्होंने सभी नागरिकों से उत्साह व उमंग के साथ 'हर घर तिरंगा' अभियान में भाग लेने और अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया.
कई वरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे शामिल
इस तिरंगा यात्रा में अंचलाधिकारी (CO) अंशुप्रशुन, बीस सूत्री अध्यक्ष शुभम पांडेय, बीस सूत्री सदस्य संतोष सिंह संटू, बीपीआरओ गोविंद कुमार, बीपीएम श्याम कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विकास कुमार, एमओ, जीविका समूह की महिलाएं, मिथलेश पासवान, मंतोष सिंह, उमेश कुमार सुमन, राजेश कुमार और शोभा कुमारी समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
