भोजपुर : बड़हरा के बखोरापुर में पंचायत विकास दिवस, डीएम ने सुनी समस्याएं और नल-जल योजना का किया निरीक्षण

बखोरापुर पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस पर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना. नल-जल योजना में गड़बड़ी की शिकायत पर उन्होंने तत्काल समाधान का निर्देश दिया और योजना का निरीक्षण किया.

भोजपुर के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत बखोरापुर पंचायत के पंचायत सरकार भवन परिसर में रविवार को जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश कुमार सुमन ने किया.

कार्यक्रम की शुरुआत मुखिया रितेश कुमार सिंह द्वारा जिलाधिकारी भोजपुर को अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई. इसके बाद मंचासीन अतिथियों का भी अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया.

सरकारी विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया, वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रभावी प्रस्तुति दी गई, जिसे ग्रामीणों ने काफी सराहा.

सुशासन के साथ पंचायत का समग्र विकास ही मुख्य उद्देश्य: डीएम

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस माह के पंचायत विकास दिवस का विषय "सुशासन के साथ पंचायत" रखा गया है. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर हुए विकास कार्यों की समीक्षा करना, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और आगामी विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करना है.

उन्होंने ग्रामीणों से खुलकर सुझाव देने की अपील की ताकि पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके.

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण भी किया गया. साथ ही आगामी छह माह में 15वें एवं षष्ठम वित्त आयोग से पंचायत में संचालित की जाने वाली योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई.

विद्यालयों की बाउंड्री वॉल निर्माण पर हुई बात

मुखिया रितेश कुमार सिंह ने पंचायत के दो सरकारी विद्यालयों में बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी.

इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों विद्यालयों का प्राक्कलन (एस्टिमेट) विभाग को भेजा जा चुका है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा.

नल-जल योजना में गड़बड़ी की शिकायत पर डीएम ने लिया एक्शन

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने नल-जल योजना में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए दो आवेदन जिलाधिकारी को सौंपे. जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया.

इसके बाद उन्होंने स्वयं संबंधित स्थल पर पहुंचकर नल-जल योजना का निरीक्षण किया और योजना को शीघ्र चालू कराने का आदेश दिया. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि योजना के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

परिसर में किया गया पौधरोपण

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया.

इस मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ), अंचलाधिकारी (सीओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

Also Read : नालंदा : 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले दही-लस्सी प्लांट का शिलान्यास करेंगे CM सम्राट चौधरी, सुधा कैफेटेरिया की भी होगी शुरुआत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >