Arrah News : बबुरा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के नाया बिन्दगांवा गांव के समीप छापेमारी कर 80 लीटर महुआ शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के रायपुर बिन्दगांवा निवासी स्वर्गीय शिवलाल राय के पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है.
बबुरा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी, कि दियारा क्षेत्र से नाया बिन्दगांवा के रास्ते प्रतिदिन बाइक के माध्यम से महुआ शराब की खेप पहुंचाई जाती है. सूचना के सत्यापन के लिए रविवार दोपहर पुलिस टीम के साथ नाया बिन्दगांवा के समीप सड़क किनारे घेराबंदी की गई.
इसी दौरान एक व्यक्ति बाइक पर प्लास्टिक की बोरी लादकर आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही वह बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी में रखे पॉलिथीन के पैकेटों से कुल 80 लीटर महुआ शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर लिया है. इस मामले में गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
