Death by electrocution: चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव में रविवार की रात विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
बाजार से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी मनीष कुमार सिंह के 25 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार के रूप में हुई है. वह बीए का छात्र था और कंपटीशन की तैयारी करता था. मृतक के परिजनों ने दूरभाष पर बताया कि रविवार की रात अनुराग बाजार से घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में टूटकर गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजन सदर अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना की जानकारी वहां से गुजर रहे ग्रामीण ने परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में अनुराग को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आये. यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दो भाइयों में बड़ा था अनुराग
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. बताया जाता है कि अनुराग अपने दो भाइयों में बड़ा था. घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया. परिवार में मां बच्ची देवी और छोटा भाई अनुपम कुमार हैं.
