आरा रेलवे स्टेशन के पोर्टिको में शनिवार को संदिग्ध स्थिति में एक युवक की मौत हो गई. इलाज के दौरान सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उसने दम तोड़ दिया. पुलिस द्वारा किसी नशीले पदार्थ का सेवन करने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
मृतक की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के झौवां बेलवनिया गांव निवासी सुरेश पांडेय के 24 वर्षीय पुत्र बलवंत पांडेय के रूप में हुई है.
गुजरात जाने के लिए घर से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक गुजरात में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था. शनिवार की सुबह वह बैग लेकर गुजरात जाने के लिए घर से निकला था. इसी बीच शनिवार की देर शाम वह आरा स्टेशन के पोर्टिको में बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ मिला.
देर रात तोड़ा दम
स्टेशन पर बेहोश पाए जाने के बाद रेल पुलिस द्वारा उसे तुरंत इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शनिवार की देर रात उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद रेल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया.
Also Read : आरा : नकली पिस्टल दिखाकर ट्रक ड्राइवरों को लूटता था, दूसरी घटना को अंजाम देने ही वाला था कि पुलिस ने दबोचा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस द्वारा तैयार की गई मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, युवक की मौत किसी नशीले पदार्थ का सेवन करने से होना प्रतीत होता है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही और वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा.
रो-रोकर बुरा हाल
गुजरात जा रहे युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है और उसकी मां समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
