भोजपुर के पीरो रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील रास्ते से सफर हुआ खतरनाक

Arrah News: आरा रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेलवे से जल्द मरम्मत की मांग की है.

Arrah News:(संतोष कुमार) भोजपुर के पीरो रेलवे स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यह सड़क रेलवे स्टेशन को बचरी ओवरब्रिज के पास बिहटा-बिहियां स्टेट हाईवे से जोड़ती है और स्टेशन तक पहुंचने का प्रमुख तथा अधिकृत मार्ग है. वर्षों पहले बनी यह सड़क अब पूरी तरह उखड़ चुकी है. सड़क पर बिछी गिट्टी का कहीं नामोनिशान नहीं बचा है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. स्थिति ऐसी हो गई है कि इस रास्ते पर वाहनों का चलना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

कई गांवों के लोग प्रभावित

इस सड़क से होकर बचरी, भड़सर, लहरी तिवारीडीह, गोविंदडीह, इब्राहिमपुर, सिकरहटा, मोपती और खुटहां समेत कई गांवों के लोग रेलवे स्टेशन तक पहुंचते हैं. लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण लोगों का सफर अब जानलेवा बन गया है. अक्सर छोटे वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं या दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं. वहीं कई बार पैदल चलने वाले लोग भी हादसों का शिकार हो चुके हैं.

बरसात में स्थिति और भयावह

बरसात के दिनों में इस सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है. गड्ढों में पानी भर जाने से रास्ता पहचानना मुश्किल हो जाता है और लोगों का आना-जाना लगभग ठप हो जाता है. ऐसे में स्टेशन तक पहुंचने के दौरान लोगों को डर का सामना करना पड़ता है.

प्रशासन और रेलवे पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के जीर्णोद्धार को लेकर न तो प्रशासन गंभीर है और न ही रेलवे विभाग कोई ध्यान दे रहा है. वैकल्पिक मार्ग नहीं होने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर इसी रास्ते से सफर करने को मजबूर हैं.

मरम्मत को लेकर अनिश्चितता

रेलवे सूत्रों के अनुसार, जब तक स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर चल रहे कार्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक इस सड़क की मरम्मत संभव नहीं है. बचरी गांव निवासी शिक्षक ओम प्रकाश राय ने रेलवे अधिकारियों से आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सड़क का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है.

Also Read: बक्सर में नीट पेपर लीक मामले में AAP का हल्ला बोल, केंद्र सरकार के खिलाफ की जोरदार नारेबाजी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >