आरा में छिनतई के गिरोह का पर्दाफाश: सोने की चेन खरीदने वाला आभूषण दुकानदार गिरफ्तार

आरा नगर थाना पुलिस ने स्नेचिंग गिरोह का खुलासा किया. गिरोह के चार सदस्य पहले ही गिरफ्तार, अब सोने की चोरी की चेन खरीदने वाला आभूषण दुकानदार मंटू कुमार भी गिरफ्तार. पुलिस ने 12 मोबाइल, देसी कट्टा और बाइक बरामद की. गिरोह शहर में मोबाइल और कीमती सामान छिनता था.

Arrah News: आरा नगर थाना पुलिस ने मोबाइल और सोने की चेन समेत कीमती सामान छिनने वाले स्नेचिंग गिरोह का खुलासा किया है. गिरोह के सदस्य गोरख माली उर्फ गोरख भगत, उनेश माली, मो. साकिब और ऋतिक कुमार उर्फ करिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. अब गिरोह के सहयोगी और चोरी की चेन खरीदने वाला आभूषण दुकानदार मंटू कुमार को धरहरा से गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस की पूछताछ में खुलासा

मंटू कुमार ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने गिरोह से लगभग 35 हजार रुपए की सोने की चेन खरीदी थी. यह चेन करीब एक महीने पहले चंदवा इलाके में गोरख माली और उसके साथी खुर्शीद आलम द्वारा छीनी गई थी.

नगर थाना पुलिस ने बुधवार को झपट्टा मारकर मोबाइल और सोने की चेन समेत कीमती सामान छिनने वाले गिरोह का खुलासा किया. पूछताछ में पता चला कि गोरख माली और उनेश माली सहोदर भाई हैं. गिरोह शहरी क्षेत्रों में मोबाइल छिनता और लोगों को डराने-धमकाने के लिए देसी कट्टा लेकर घूमता था.

कैसे हुई घटना

नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग निवासी अमित कुमार मंगलवार देर शाम रमना मैदान से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोरख माली ने उनके मोबाइल को झपट्टा मारकर छीना. अमित कुमार की चिल्लाहट पर लोगों ने गोरख माली को पकड़ लिया. पुलिस की पूछताछ में गोरख माली ने गिरोह की पूरी गतिविधियों का खुलासा किया और गिरोह के अन्य सदस्य बताए.

पुलिस की कार्रवाई

थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में गठित टीम ने गोरख माली की निशानदेही पर गिरोह के तीन अन्य सदस्य और आभूषण दुकानदार मंटू कुमार को गिरफ्तार किया. उनके ठिकानों से 12 महंगे मोबाइल, एक देसी कट्टा और एक बाइक बरामद की गई. पुलिस सभी गिरफ्तारियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों व छिनतई की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है. इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष देवराज राय, दारोगा राहुल कुमार दिनकर, नुमान अली शौकत और क्रॉस मोबाइल एवं डीआईयू के अधिकारी एवं जवान शामिल थे.

गिरफ्तार आरोपी

  • गोरख माली उर्फ गोरख भगत (गौसगंज)
  • उनेश माली (गौसगंज)
  • मो. साकिब (भलुहीपुर)
  • ऋतिक कुमार उर्फ करिया (धमार गांव)
  • मंटू कुमार (धरहरा, आभूषण दुकानदार)

इसे भी पढ़ें: दाखिल-खारिज में गड़बड़ी अब नहीं चलेगी, DSP स्तर के अधिकारी करेंगे जांच, बना नया स्पेशल सेल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >