शाहपुर (आरा) से मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा
Arrah News : भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत जवइनिया गांव में गंगा पर कटाव निरोधी कार्य में कथित अनियमितता की शिकायत को लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय ने गंभीरता से लिया है. इस संबंध में जल संसाधन विभाग के सचिव को जांच कर आवश्यक कारवाई करने का निर्देश दिया गया है. मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष कार्य पदाधिकारी इन्द्रवीर कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार पूर्व विधायक मुन्नी देवी ने ई-मेल के माध्यम से मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी थी. शिकायत में जवइनिया गांव में चल रहे गंगा कटाव निरोधी कार्य में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया गया है तथा इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है.
पूर्व विधायक की शिकायत पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने मांगी जांच रिपोर्ट
मुख्यमंत्री सचिवालय ने जल संसाधन विभाग को भेजे गए पत्र में कहा है कि शिकायत से संबंधित सभी तथ्यों की जांच कर नियमानुसार उचित निर्णय लिया जाए. साथ ही की गई कारवाई की जानकारी पूर्व विधायक मुन्नी देवी को उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री सचिवालय को भी सूचित करने का निर्देश दिया गया है. पत्र में उल्लेख है कि शिकायत 18 मई 2026 को ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई थी. जिसे कारवाई के लिए संबंधित विभाग को अग्रसारित किया गया है. मुख्यमंत्री सचिवालय के इस निर्देश के बाद गंगा कटाव निरोधी कार्य की जांच को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है.
Also Read : जेपीयू नामांकन: छपरा, सीवान और गोपालगंज से उमड़े आवेदन, 40 हजार पार पहुंचने की संभावना
