आरा स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर अधेड़ की मौत, अहमदाबाद से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

Arrah News: दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो के समीप सोमवार की रात ट्रेन से गिरकर झारखंड निवासी एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान झारखंड के दुमका जिले के दिनेश पंडित के रूप में हुई है, जो गुजरात के अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में काम करते थे.

Arrah News: (मिथिलेश की रिपोर्ट) दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड के आरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो के समीप डाउन लाइन पर ट्रेन से गिरकर झारखंड निवासी एक अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद स्टेशन परिसर और रेल यात्रियों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.

अहमदाबाद से झारखंड लौट रहे थे दिनेश पंडित

मृतक की पहचान झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र स्थित बड़ा नारगंज गांव निवासी स्वर्गीय गणेश पंडित के 43 वर्षीय पुत्र दिनेश पंडित के रूप में की गई है. वह गुजरात के अहमदाबाद में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे. मृतक के रिश्तेदार (जीजा) गजाधर पंडित ने बताया कि दिनेश अहमदाबाद से ट्रेन पकड़कर वापस झारखंड अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान आरा स्टेशन के समीप वह चलती ट्रेन से असंतुलित होकर नीचे गिर गए और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया.

डायरी और मोबाइल से हुई शिनाख्त, परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद रेल पुलिस और स्थानीय लोगों ने जब मृतक की तलाशी ली, तो उनके पास से एक डायरी और मोबाइल फोन बरामद हुआ. डायरी में दर्ज नंबरों के माध्यम से तुरंत घटना की सूचना उनके परिजनों को दी गई. सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन आरा पहुंचे. पुलिस ने सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए झारखंड ले गए.

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. दिनेश पंडित अपने पीछे पत्नी धनुआ देवी, एक पुत्र बुलेट और एक पुत्री कल्पना को छोड़ गए हैं. पति की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद से पत्नी धनुवा देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

Also Read: बेगूसराय में BPSC शिक्षक की शर्मनाक करतूत, नाबालिग छात्रा से की अश्लील हरकत, गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >