Arrah News:(नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) जिले की छात्राओं को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भोजपुर जिले की पहली डिजिटल लैब का शुभारंभ राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय, आरा में किया गया. इस डिजिटल लैब के शुरू होने से छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा, स्मार्ट लर्निंग और तकनीकी ज्ञान का बेहतर अवसर मिलेगा.
यह डिजिटल लैब भारतीय स्टेट बैंक के सीएसआर फंड के माध्यम से स्थापित की गई है. इसका उद्देश्य विद्यालय की छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें.
छात्राओं में दिखा उत्साह
डिजिटल लैब के उद्घाटन के बाद छात्राओं में खुशी का माहौल देखने को मिला. कई छात्राओं ने कहा कि अब पढ़ाई और अधिक रोचक हो जाएगी तथा तकनीकी शिक्षा मिलने से उनके ज्ञान और कौशल में वृद्धि होगी. छात्राओं ने माना कि आधुनिक दौर में डिजिटल शिक्षा बेहद जरूरी है और इससे उन्हें समाज में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
शिक्षा के साथ डिजिटल कौशल का भी विकास
विद्यालय में स्थापित इस डिजिटल लैब के माध्यम से छात्राओं को स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर प्रशिक्षण और डिजिटल संसाधनों का लाभ मिलेगा. इससे न केवल शैक्षणिक विकास होगा बल्कि छात्राओं के डिजिटल स्किल्स में भी वृद्धि होगी, जो भविष्य में रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए उपयोगी साबित होगा.
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी भोजपुर, भारतीय स्टेट बैंक के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read: बिहार होकर चलने वाली कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट, सफर से पहले जरूर देखें लिस्ट
