Arrah crime News: (मो.वसीम) आरा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की मध्य रात्रि एक बड़ी घटना सामने आई, जहां शरारती तत्वों द्वारा घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी गई. आग बुझाने के दौरान बाइक की तेल टंकी में विस्फोट हो गया, जिससे एक ही परिवार के दंपति समेत सात लोग बुरी तरह झुलस गए. सभी घायलों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
मध्य रात्रि में हुआ हादसा
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नगर शोभी टोला वार्ड संख्या 1 की है. बताया जाता है कि परिवार के सभी सदस्य रात में छत पर सो रहे थे, जबकि उनकी बाइक घर के नीचे बाहर खड़ी थी. देर रात अचानक बाइक में आग लगा दी गई, जिससे देखते ही देखते आग भड़क उठी.
आग बुझाने के दौरान हुआ विस्फोट
जब परिजनों की नींद खुली तो उन्होंने बाइक को जलते देखा। सभी लोग तुरंत नीचे उतरकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान बाइक की पेट्रोल टंकी अचानक फट गई, जिससे आग की लपटें तेज हो गईं और वहां मौजूद सभी लोग इसकी चपेट में आ गए.
दंपति समेत सात लोग झुलसे
इस हादसे में 45 वर्षीय रविंद्र सिंह, उनकी 40 वर्षीय पत्नी धर्मशिला देवी, 14 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी, 75 वर्षीय मां चांदमुनी देवी, 53 वर्षीय भाई वीरेंद्र यादव, 26 वर्षीय भतीजा रविशंकर यादव और 12 वर्षीय आशीष कुमार झुलस गए. सभी को तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
शरारती तत्वों पर लगाया आरोप
घटना में झुलसे रविशंकर यादव ने बताया कि हर दिन की तरह बाइक घर के बाहर खड़ी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि किसी शरारती तत्व ने दुश्मनी के कारण बाइक में आग लगाई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग किसने लगाई.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आग लगाने वाले की पहचान करने में जुटी है.
यह घटना इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दी है. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है.
Also Read: कैमूर में सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी से महिला की मौत, दर्जनभर घायल
