भोजपुर : दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, बेरथ पुल के पास मिला शव

भोजपुर जिले में दुखद घटना सामने आई है जहां सितुहारी घाट की नहर में नहाने गए 22 वर्षीय रोहित कुमार की डूबने से मौत हो गई. दोस्तों के साथ मस्ती करना युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ. परिवार में मातम का माहौल है.

भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के सितुहारी घाट स्थित नहर में रविवार की दोपहर डूबने से एक युवक की मौत हो गई. उसका शव चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ पुल के समीप नहर से बरामद किया गया.

मृतक की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के सितुहारी गांव निवासी द्वारिका साह के 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार उर्फ निरहुआ साह के रूप में हुई है.

दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था युवक

मृतक के चचेरे भाई अनिल कुमार साह ने बताया कि रोहित दोस्तों के साथ गांव स्थित सितुहारी घाट नहर में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया.

दोस्तों ने दी परिजनों को सूचना

साथ गए दोस्तों ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन शुरू की. इसके बाद बेरथ पुल के पास से उसके शव को बाहर निकाला गया.

पुलिस ने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम

शव मिलने के बाद परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

मां का रो-रोकर बुरा हाल

बताया जाता है कि मृतक अपने चार बहनों व दो भाइयों में तीसरे स्थान पर था. उसके परिवार में मां लीलावती देवी, चार बहनें सोनी, पूनम, रौशनी, सिमरन एवं एक भाई राहुल कुमार हैं. घटना के बाद घर में हाहाकार मच गया है और मां लीलावती देवी समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >