भोजपुर : हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को मारी गोली, पूर्व के विवाद में हमले का आरोप

भोजपुर के चरपोखरी में उधार के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई. युवक को बाएं हाथ में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Bhojpur Crime News : भोजपुर (आरा) जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी ब्लॉक मोड़ के समीप पूर्व के विवाद में हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी. जख्मी युवक को बाएं हाथ में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी से शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.

बाजार से घर लौटने के दौरान घटी घटना

जानकारी के अनुसार जख्मी गड़हनी थाना क्षेत्र के ध्यानी टोला गांव निवासी जवाहर सिंह का 29 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार है. मंगलवार की दोपहर वह गड़हनी से बाजार कर बाइक द्वारा घर वापस लौट रहा था.

उधार के पैसे को लेकर हुआ था विवाद

सोनू कुमार ने बताया कि उसने कुछ दिन पूर्व आयुष कुमार नामक युवक को दुकान खोलने के लिए बीस हजार रुपये उधार दिए थे. जब उसने पैसे की मांग की तो वह टालमटोल करने लगा. इसको लेकर 25 अगस्त को दोनों के बीच गड़हनी बाजार पर झगड़ा भी हुआ था, जिसके पश्चात दोनों पक्षों द्वारा चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.

बाइक रोककर मारी गोली, तीन पर आरोप

मंगलवार की दोपहर जब वह लौट रहा था, तभी आयुष कुमार अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से आया और उसके आगे बाइक खड़ी कर दी.

इसके बाद आयुष कुमार ने उसे गोली मार दी. गोली लगते ही वह बाइक छोड़कर गड़हनी ब्लॉक की तरफ भागकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद तीनों बाइक से भाग निकले.

जख्मी सोनू कुमार ने आयुष कुमार, प्रकाश पासवान और धोनी कुमार पर पूर्व के विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.

चिकित्सक डॉ. विकास सिंह का बयान

इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी युवक को गोली बाएं हाथ में लगी थी. ऑपरेशन कर बुलेट निकाल दिया गया है और डैमेज पार्ट्स को रिपेयर कर दिया गया है. मरीज की स्थिति अभी स्टेबल (स्थिर) है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >