Arrah Road Accident : आरा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में घटित सड़क हादसों में अरवल निवासी युवक समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. पहली घटना शहर के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवा मोड़ के समीप की है, जहां मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे अरवल निवासी युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
चंदवा मोड़ के पास पहली घटना
स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक अरवल जिले के वंशी थाना क्षेत्र के तुर्क तेलपा गांव निवासी उतारी चौधरी का 28 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र चौधरी है. वह चंदवा स्थित एक होटल में बावर्ची का काम करता है. इधर, सत्येंद्र चौधरी ने घटना के संबंध में बताया कि वह चंदवा मोड़ पर सामान खरीदने के लिए आया था. जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
गांगी पुल के समीप दूसरा हादसा
जबकि दूसरी सड़क दुर्घटना टाउन थाना क्षेत्र के गांगी पुल के समीप घटित हुई है. यहां मंगलवार की दोपहर एक ऑटो और बाइक की आपस में सीधी टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के तुरंत बाद परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी शमीम खान का 18 वर्षीय पुत्र सोहेब खान है.
विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो ने मारी टक्कर
इधर, जख्मी युवक के परिजनों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह दोपहर के समय बाइक द्वारा आरा शहर से वापस अपने गांव लौट रहा था. उसी दौरान गांगी पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ऑटो से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई.
