mundeshwari dham rail line: मुंडेश्वरी धाम रेल लाइन निर्माण की मांग को लेकर आरा-मुंडेश्वरी धाम रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति, शाहाबाद के संयोजक सह अधिवक्ता विनोद वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा है. उन्होंने केंद्र सरकार से आरा से मुंडेश्वरी धाम तक प्रस्तावित रेल लाइन के निर्माण की दिशा में शीघ्र ठोस पहल करने की मांग की है.
2008 में हुआ था रेल परियोजना का शिलान्यास
विनोद वर्मा ने बताया कि 14 दिसंबर 2008 को तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद ने 147 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना का शिलान्यास किया था. परियोजना की अनुमानित लागत 490 करोड़ रुपये थी और वर्ष 2013 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था. लेकिन अब तक परियोजना पूरी नहीं हो सकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उपेक्षापूर्ण नीति के कारण यह परियोजना लंबे समय से अधर में लटकी हुई है.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि मुंडेश्वरी धाम देश के प्राचीन एवं महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है. यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं. रेल सुविधा के अभाव में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है. रेल लाइन के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.
1955 में जगदीशपुर को रेल लाइन से जोड़ने की घोषणा का भी दिया हवाला
विनोद वर्मा ने बताया कि वर्ष 1955 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 1857 के महानायक वीर कुंवर सिंह की ऐतिहासिक जन्मस्थली जगदीशपुर को रेल लाइन से जोड़ने की घोषणा की थी. इसके बावजूद यह परियोजना रेल मंत्रालय के स्तर पर आगे नहीं बढ़ सकी.
रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ने का दावा
उन्होंने कहा कि आरा-मुंडेश्वरी धाम रेल लाइन के निर्माण से शाहाबाद क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी. बेहतर आवागमन के साथ रोजगार और व्यापार के नये अवसर भी पैदा होंगे. शाहाबाद क्षेत्र के विकास और समृद्धि के दृष्टिकोण से यह रेल परियोजना मील का पत्थर साबित हो सकती है.
कई वर्षों से आंदोलन चला रही संघर्ष समिति
विनोद वर्मा ने बताया कि इस परियोजना को लेकर संघर्ष समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में आंदोलन चलाया जा रहा है. इसके अलावा प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नाम से खुला पत्र भी जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों के बीच वितरित किया गया है.
परियोजना को प्राथमिकता देने की मांग
संघर्ष समिति ने प्रधानमंत्री से ऐतिहासिक, जनहित और धार्मिक पर्यटन के महत्व को देखते हुए आरा-मुंडेश्वरी धाम रेल लाइन निर्माण परियोजना को प्राथमिकता देने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. समिति ने उम्मीद जतायी कि केंद्र सरकार लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर शाहाबाद क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात देगी.
