आरा: स्कूल अवधि में कोचिंग जाने की बात पर एसडीएम ने दी कड़ी चेतावनी, मॉडल स्कूल का किया निरीक्षण, कम उपस्थिति मिली

एसडीएम कृष्ण कुमार उपाध्याय ने कातर के मॉडल स्कूल का औचक निरीक्षण किया, जहाँ छात्रों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई. कई छात्र स्कूल समय में कोचिंग जाते पाए गए, जिस पर एसडीएम ने सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने स्कूल की अन्य खामियों को भी तुरंत सुधारने का निर्देश दिया.

arrah News: डीएम के निर्देश पर बुधवार को एसडीएम कृष्ण कुमार उपाध्याय ने पीरो प्रखंड के मॉडल विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) के रूप में चिह्नित प्लस टू उच्च विद्यालय कातर का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में नामांकित 1300 छात्र-छात्राओं में महज 200 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले. इनमें छात्रों की संख्या सिर्फ दो थी.

विद्यालय अवधि में कोचिंग जाने की मिली जानकारी

पूछताछ के दौरान एसडीएम को बताया गया कि ज्यादातर विद्यार्थी विद्यालय अवधि में कोचिंग पढ़ने चले जाते हैं. इस पर एसडीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यालय अवधि में किसी भी सूरत में कोचिंग का संचालन नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय अवधि में कोचिंग का संचालन होते पाया गया, तो संबंधित कोचिंग संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

प्रयोगशाला और पुस्तकालय का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय की प्रयोगशाला, पुस्तकालय, वर्ग कक्ष और पठन-पाठन व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई खामियां सामने आयीं. एसडीएम ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को इन कमियों में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.

मॉडल स्कूल के प्रभारी पदाधिकारी हैं एसडीएम

एसडीएम कृष्ण कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा जिले के प्रत्येक मॉडल स्कूल के लिए एक-एक प्रभारी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. उन्हें मॉडल स्कूल कातर (हसनबाजार) का प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है.

उन्होंने कहा कि बतौर प्रभारी पदाधिकारी वह समय-समय पर विद्यालय का निरीक्षण करेंगे. साथ ही शिक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए अन्य विद्यालयों का भी नियमित निरीक्षण किया जायेगा. निरीक्षण के समय विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. फैजुल्लाह सहित अन्य शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >