आरा से नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट
70th BPSC Result : 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में शिवांगिनी सिंह का चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी (RDO) पद पर होने से भोजपुर जिले में खुशी का माहौल है. यह उनका दूसरा प्रयास था. उनकी सफलता पर परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों तथा जिलेवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है.
शिक्षा के क्षेत्र में शुरू से रही उत्कृष्ट
शिवांगिनी सिंह ने वर्ष 2015 में डीएवी स्कूल, आरा से 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी. इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से स्नातक की पढ़ाई प्रथम श्रेणी में पूरी की. वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से स्नातकोत्तर की डिग्री भी प्रथम श्रेणी में हासिल की.
परिवार का मिला भरपूर सहयोग
शिवांगिनी के पिता संतोष कुमार सिंह आरा सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता संजना सिंह प्लस-टू विद्यालय में शिक्षिका हैं. वर्ष 2025 में उनकी शादी मैकेनिकल इंजीनियर विकास कुमार सिंह से हुई थी. चयन के बाद मायके और ससुराल दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है.
दिल्ली में रहकर की तैयारी
शिवांगिनी सिंह दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं. उन्होंने बताया कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करना आवश्यक है. साथ ही धैर्य, एकाग्रता और निरंतर मेहनत सफलता की कुंजी है.
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
उन्होंने कहा कि यदि मन में दृढ़ संकल्प और लगन हो तो सफलता अवश्य मिलती है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी.
बधाई देने वालों का लगा तांता
शिवांगिनी सिंह के बीडीओ पद पर चयन की सूचना मिलते ही परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी. उनकी इस उपलब्धि को भोजपुर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
