Arrah News : आरा शहर के बामपाली से तारा पुरानी पुलिस लाइन तक बन रही दो लेन सड़क के बीच महज 60 फीट लंबे नाले का निर्माण कार्य 15 दिन बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है. मौला बाग स्थित एसबी कॉलेज के पास चल रहे इस अधूरे निर्माण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हैं कि आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम बहुत पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण अब तक अधूरा पड़ा है. इस वजह से रोजाना आने-जाने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
अतिक्रमण बना बड़ी बाधा
बताया जा रहा है कि चंदवा मोड़ से लेकर पुराने पुलिस लाइन तक नाले का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है. लेकिन एसबी कॉलेज के पास करीब 10 घरों के सामने अतिक्रमण के कारण काम अटक गया. प्रशासन अतिक्रमण हटाने में नाकाम रहा, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो गया.
लोगों का आरोप है कि अतिक्रमणकारियों के आगे प्रशासन बेबस नजर आया और समय पर कार्रवाई नहीं की गई. इसी का नतीजा है कि अब निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है.
बीच सड़क पर बन रहा नाला
अतिक्रमण नहीं हटने के कारण मजबूरी में अब नाला सड़क के बीचो-बीच बनाया जा रहा है. यह सड़क शहर की व्यस्त सड़कों में से एक है, जहां से हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. ऐसे में बीच सड़क निर्माण से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे न सिर्फ समय ज्यादा लग रहा है बल्कि ईंधन की खपत भी बढ़ रही है. इससे आम लोगों की जेब पर भी असर पड़ रहा है.
लोगों में बढ़ रही नाराजगी
स्थानीय निवासियों और राहगीरों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है. उनका कहना है कि अगर समय पर काम पूरा कर लिया जाता तो उन्हें इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती. साथ ही उन्होंने निर्माण एजेंसी और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूरा किया जाए और यातायात को सुचारू बनाया जाए. साथ ही अतिक्रमण को हटाने के लिए भी सख्त कदम उठाने की जरूरत बताई जा रही है.
कब पूरा होगा निर्माण, बना बड़ा सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह 60 फीट का छोटा सा नाला कब तक बनकर तैयार होगा. जिस गति से काम चल रहा है, उससे लोगों की परेशानी फिलहाल खत्म होती नजर नहीं आ रही है. प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर अब लोगों की नजरें टिकी हुई हैं.
