Araria News: अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 में सोमवार सुबह एक 18 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बराबनती निवासी बरफुआ के पुत्र साहुल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त की. घटना के बाद पुलिस, एसडीपीओ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
सुबह शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने वार्ड संख्या 27 में एक युवक का शव पड़ा देखा. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. सूचना मिलने के बाद बथनाहा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
पुलिस ने मौके से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी साहुल कुमार के रूप में की.
मौत को लेकर उठ रहे कई सवाल
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्थानीय लोगों के बीच दो प्रमुख आशंकाएं सामने आ रही हैं.
कुछ लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया.
वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि युवक पास में स्थित एक घर में चोरी की नीयत से घुसा था और छत से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई. हालांकि इन दोनों दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
Araria News: फॉरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज के एसडीपीओ राज किशोर कुमार और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने मौके से विभिन्न वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को फिलहाल खारिज नहीं किया गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
पुलिस के अनुसार युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है.
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
