फारबिसगंज. प्रखंड क्षेत्र के भागकोहलिया पंचायत के वार्ड संख्या 07 में जल-जमाव व नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों का जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है. सड़क पर लगातार जमा पानी व गंदगी के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया. लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. परिणामस्वरूप स्थिति दिनों-दिन बदतर होती जा रही है. नाले का गंदा पानी सड़क पर बहता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन गंदे पानी से होकर विद्यालय आना-जाना पड़ता है. वहीं महिलाओं को भी मंदिर सहित अन्य दैनिक कार्यों के लिए इसी जलभराव वाले रास्ते से गुजरना मजबूरी बन गया है, जिससे दुर्घटना व संक्रमण का खतरा बना रहता है. शनिवार को समस्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन कर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे. जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की होगी. मौके पर टिंकू कुमार, राजीव कुमार, सुमिज झा, राजू कुमार, अविनाश कुमार, रवि कुमार, मिथिलेश कुमार, अरविंद कुमार, चुनमुन सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद थे.
जल-जमाव से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जल-जमाव से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Copied link
ग्रामीणों ने कहा, यदि जल्द ही जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो किया जायेगा चरणबद्ध आंदोलन