चमकी बुखार से तीन वर्षीय बच्ची की मौत

परिजनों में मचा कोहराम

परवाहा. रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के मझुआ पूरब पंचायत के चिरवाहा रैहिका गांव में चमकी बुखार से बच्चे की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रखंड क्षेत्र के चिरवाहा रैहिका वार्ड संख्या 11 में चमकी बुखार से एक तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. बुखार से बच्ची का मौत होने से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है. मृतक बच्ची मझुआ पूरब पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी राजेंद्र ऋषिदेव की तीन वर्षीय पुत्री शबनम कुमारी है. मृतक बच्ची की दादी सुनीता कुमारी ने बताया कि बच्ची की शनिवार को तबीयत खराब हुई. बच्ची को बुखार था व चमक रही थी. इलाज में ले जाने के क्रम में हीं उसकी मौत हो गयी. गौरतलब है कि करीब तीन माह पूर्व ही करीब पचास लाख की लागत से एक उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है. लेकिन उपस्वास्थ्य केंद्र अब तक चालू नहीं हो सका है. जानकारी के अनुसार अब तक कई बच्चे ऐसी बीमारी से मर चुके हैं. मृतक शबनम अपने माता-पिता का इकलौती बच्ची थी. बच्ची की मौत के बाद से मां भारती देवी, दादी सुनीता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. स्थानीय मुखिया बिनोद मेहता, पूर्व सरपंच योगेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, बंटी कुमार सहित अन्य ने गांव में बने उप स्वास्थ्य केंद्र को अविलंब चालू कराने की मांग विभाग से की है. रानीगंज रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ रोहित कुमार ने बताया कि बच्ची की मौत को लेकर टीम द्वारा सर्वे किया गया है. उपस्वास्थ्य केंद्र को चालू करवाने की दिशा में भी अग्रेतर कारवाई की जा रही है. वहीं विधायक अविनाश मंगलम ने बताया कि उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हो जाने के बाद भी चालू नहीं होना एक गंभीर मामला है. निर्माण के बाद संवेदक ने विभाग को भवन सुपुर्द नहीं किया है. इस मामले को लेकर अविलंब डीएम से मिलकर उप स्वास्थ्य केंद्र को चालू कराने की बात उन्होंने कही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >