मिशन विकसित अररिया के तहत नगर का होगा सौंदर्यीकरण

सांसद ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को किया निरीक्षण

अररिया. अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने मिशन विकसित अररिया अभियान के अंतर्गत अररिया नगर के समग्र विकास व सौंदर्यीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया. इस अवसर पर एनएचआइ (सुपौल डिविजन) के एक्जीक्यूटिव, पीडब्ल्यूडी अररिया के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद के मुख्य पार्षद विजय मिश्रा व उप मुख्य पार्षद गौतम साह के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का विस्तृत निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अररिया कॉलेज से चांदनी चौक, चांदनी चौक से जीरो माइल व जीरो माइल से गौढ़ी चौक तक सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुगमता व शहरी सौंदर्यीकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये, जिससे कार्य में तेजी लाकर आम जनता को शीघ्र बेहतर सुविधा उपलब्ध करायी जा सके. इस अवसर पर सांसद ने कहा कि अररिया को एक विकसित, व्यवस्थित व आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है. शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण केवल यातायात सुधार का विषय नहीं है, बल्कि यह आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, व्यापार को सशक्त करने व आम नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि मिशन विकसित अररिया के तहत हम योजनाबद्ध तरीके से शहर के हर हिस्से का कायाकल्प करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. केंद्र व राज्य सरकार के समन्वय से विकास कार्यों को तेज गति दी जाएगी, ताकि अररिया आने वाले समय में एक मॉडल शहर के रूप में उभर सके. सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाये व आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >