अररिया. क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी पूर्णिया के निर्देशन में 52वीं वाहिनी अररिया द्वारा 18 से 20 मई तक दो दिवसीय अंतर क्षेत्रक कॉम्बैट शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गयी. बल कार्मिकों की निशानेबाजी दक्षता व त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखने के लिए हुई इस प्रतियोगिता में पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, बेतिया व गया जी क्षेत्रक की टीमों ने भाग लिया. टीम स्पर्धा में मुजफ्फरपुर क्षेत्रक ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि मेजबान पूर्णिया क्षेत्रक उपविजेता रहा. व्यक्तिगत वर्ग में इंसास राइफल में 18वीं वाहिनी के आरक्षी सार्थक खनका, एसएमजी फायरिंग में 71वीं वाहिनी के आरक्षी मनिन्दर सिंह व पिस्टल फायरिंग में 51वीं वाहिनी के आरक्षी ए अर्जुन सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. समापन पर कार्यवाहक कमांडेंट श्री पी नुपाजाओ सिंह ने विजेताओं को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं जवानों में आत्मविश्वास व टीम भावना बढ़ाती हैं. चयनित प्रतिभागी अब अंतर सीमांत कॉम्बैट शूटिंग प्रतियोगिता में सीमांत मुख्यालय एसएसबी, पटना का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस दौरान उप कमांडेंट उदय कुमार, सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
एसएसबी की अंतर क्षेत्रक कॉम्बैट शूटिंग प्रतियोगिता संपन्न
मुजफ्फरपुर क्षेत्रक बना विजेता
