अररिया. डीएम विनोद दूहन ने स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा व पशुपालन के क्षेत्र में विशेष कार्ययोजना तैयार की है. शनिवार को डीएम ने बताया कि वे स्वास्थ्य के क्षेत्र में पांच बिंदुओं पर काम कर रहे हैं, जिस पर अमल भी शुरू हो गया है. डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में देर से बीमारी का पता चलने पर लोग गंभीर रूप से बीमार हो जाते हैं. इसे रोकने के लिए प्रत्येक गांव में हर व्यक्ति की प्रेशर, एनीमिया, डायबिटीज, कैंसर स्क्रीनिंग व मोतियाबिंद की जांच करायी जायेगी. इसकी जिम्मेदारी एएनएम को दी गयी है, जो घर-घर जाकर जांच सुनिश्चित करेंगी.
शिक्षा में ऑनलाइन क्लास की पहल
शिक्षा के क्षेत्र में डीएम हर विषय के दक्ष शिक्षकों की एक टीम तैयार कर रहे हैं. ये शिक्षक ऑनलाइन क्लास के जरिए कमजोर बच्चों और सीखने की ललक रखने वाले विद्यार्थियों को विषयों की जानकारी देंगे. इससे दूरदराज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी. सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पशुशाला खोलने का निर्णय लिया गया है. कुछ प्रखंडों में जगह चिह्नित कर ली गयी है, जबकि कुर्साकांटा व सिकटी प्रखंड में स्थान चिह्नित करने पर काम चल रहा है. इन पशुशालाओं में मवेशियों के चारे की व्यवस्था, बीमा और उत्पादित दूध की खरीद की सुविधा होगी.एक क्लिक पर दिखेगी सरकारी भूमि
डीएम ने सरकारी भूमि को चिह्नित करने की विशेष योजना भी बनायी है. अब तक चार प्रखंडों में सरकारी भूमि को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है. इससे एक क्लिक पर जमीन की स्थिति दिखेगी और अतिक्रमण का भी पता चल जायेगा. डीएम ने मदरसा के छात्रों की शिक्षा में गुणात्मक सुधार सहित कई बिंदुओं पर बेबाक राय रखी. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना है.
