अररिया : जिले में 09वें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के तहत जोकीहाट प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-174 पर पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें महिलाओं और किशोरियों को प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व के साथ मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम के दौरान किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता किट का भी वितरण किया गया.
दाल, चना और अंडा जैसे खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की अपील
कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों के साथ प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के महत्व पर चर्चा की गयी. बताया गया कि बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए भोजन में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन जरूरी है.
प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध दाल, चना, सोयाबीन, अंडा, दूध, पनीर और मूंगफली जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया.
मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का रखें ध्यान
किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ एवं सुरक्षित सैनिटरी सामग्री का इस्तेमाल करने और उसे समय-समय पर बदलने की जानकारी दी गयी.
मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों और झिझक को दूर करने के लिए इस विषय पर खुलकर बातचीत करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया. किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता किट वितरित की गयी.
प्रश्नोत्तरी और संवाद के जरिये दी स्वास्थ्य की जानकारी
कार्यक्रम में पोषण, संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित प्रश्नोत्तरी व संवादात्मक गतिविधियां आयोजित की गयीं. इसके माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गयीं.
अधिकारियों ने कहा कि पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित सही जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना पोषण माह का महत्वपूर्ण उद्देश्य है. सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से कुपोषण को कम करने और महिलाओं तथा किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए इस तरह की गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं.
मौके पर पोषण अभियान के समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव, जिला मिशन समन्वयक सोहेब रूमी और महिला पर्यवेक्षिका ज्योति कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, किशोरियां और बच्चियां मौजूद थीं.
