जिलाधिकारी ने की आरटीपीएस से संबंधित मामलों की समीक्षा अररिया. जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को सभी अंचलाधिकारियों के साथ बैठक की. वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में आरटीपीएस से संबंधित विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा की. बैठक में जाति, आवासीय, आय, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदन की विस्तृत समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि काउंटर पर जाति, आवासीय व आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन की संख्या बढ़ाया जाये. इस हेतु काउंटर पर लोगों को आवेदन करने संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. सभी काउंटरों के कार्यपालक सहायकों का जन परिचय आइडी एक्टिवेट करने का निर्देश दिया. ऑनलाइन सर्विस प्लस पोर्टल के तहत जाति, निवास व आय प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदन यथा शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया. राशन कार्ड की ऑनलाइन सेवा की समीक्षा में पाया गया कि एमओ स्तर पर अररिया, भरगामा, पलासी व रानीगंज सहित कई प्रखंडों में लंबित आवेदनों की संख्या अधिक है. इसे जल्द से जल्द निष्पादित करने निर्देश जिलाधिकारी ने दिया. वहीं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत सीडीपीओ स्तर पर लंबित मामले को प्राथमिकता से निष्पादित करने के निर्देश बैठक में दिया गया. पंचायतों में आरटीपीएस केंद्रों का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करने व अधिक से अधिक जाति निवास, आय व अन्य आवेदन प्राप्त करने का निर्देश बैठक में दिया गया. ताकि आम लोगों को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से इन सेवाओं का लाभ मिल सके.
आरटीपीएस काउंटर के माध्यम से अधिक से अधिक आवेदनों का करें निष्पादन
आवेदनों का समय पर करें निष्पादन : डीएम
