अररिया पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: एसपी ने 112 पुलिस पदाधिकारियों का किया तबादला, 7 थानों के बदले अपर थानाध्यक्ष

अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. 112 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का व्यापक फेरबदल किया गया है, जिसमें सात प्रमुख थानों के अपर थानाध्यक्ष भी शामिल हैं. यह बदलाव अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से किया गया है.

जिले में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने, अपराध नियंत्रण को धार देने और सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है.

गुरुवार की देर शाम एसपी कार्यालय से जारी दो अलग-अलग जिलादेशों के तहत कुल 112 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का एक साथ स्थानांतरण कर दिया गया. इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले के पुलिस महकमे में अचानक हड़कंप मच गया है. सभी स्थानांतरित कर्मियों को अविलंब अपने वर्तमान पदस्थापन से विरमित होकर 24 घंटे के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का सख्त निर्देश दिया गया है.

सालों से एक ही थाने में जमे कर्मियों पर गिरी गाज

विभागीय सूत्रों के अनुसार, जिले के कई थानों और अनुसंधान प्रभागों में कई पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और सहायक अवर निरीक्षक पिछले 2 से 3 वर्षों से लगातार एक ही स्थान पर पदस्थापित थे.

लंबे समय तक एक ही जगह पर टिके रहने के कारण स्थानीय स्तर पर उनके कामकाज में शिथिलता और कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें वरीय अधिकारियों तक पहुंच रही थीं. जनहित और पारदर्शी पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए एसपी ने यह कड़ा कदम उठाया है. जारी आदेश के तहत 48 पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई), 54 सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और 10 पीटीसी सिपाहियों को इधर से उधर किया गया है.

सात प्रमुख थानों के अपर थानाध्यक्षों का हुआ फेरबदल

जारी जिलादेश के अनुसार जिले के 7 प्रमुख थानों के अपर थानाध्यक्षों (सेकंड अफसर) के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव किया गया है:

  • नगर थाना अररिया: अपर थानाध्यक्ष संजीव कुमार को फारबिसगंज थाना अनुसंधान इकाई में भेजा गया.
  • महिला थाना अररिया: अपर थानाध्यक्ष प्रतिमा कुमारी को फारबिसगंज थाना अनुसंधान इकाई का दायित्व दिया गया.
  • आरएस थाना: अपर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह को सीमावर्ती फुलकाहा थाना का अपर थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया.
  • मदनपुर थाना: अपर थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मंडल को रानीगंज थाना अनुसंधान इकाई में स्थानांतरित किया गया.
  • ताराबाड़ी थाना: अपर थानाध्यक्ष रमेश प्रसाद को फारबिसगंज थाना अनुसंधान इकाई भेजा गया.
  • सोनामनी गोदाम थाना: अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार पाण्डेय को रानीगंज थाना अनुसंधान इकाई में पदस्थापित किया गया.
  • फुलकाहा थाना: अपर थानाध्यक्ष रमेश कुमार को आरएस थाना अनुसंधान इकाई का प्रभार सौंपा गया.

तीन थानाध्यक्षों पर पहले ही गिर चुकी है गाज

इस बड़े पैमाने पर किए गए फेरबदल से पहले भी एसपी जितेंद्र कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सिकटी, बथनाहा और सोनामनी गोदाम के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया था और उनकी जगह नए तेजतर्रार पुलिस पदाधिकारियों को कमान सौंपी थी.

एसपी ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस सेवा में अनुशासनहीनता, सुस्ती और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कर्तव्य के प्रति लापरवाह रहने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी.

नेपाल सीमा पर तस्करी और अपराध रोकथाम पहली प्राथमिकता

अररिया जिला संवेदनशील भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से पूरी तरह सटा हुआ है. ऐसे में खुली सीमा का लाभ उठाकर शराब, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले सिंडिकेट पर नकेल कसना तथा स्थानीय अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण पाना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

एसपी जितेंद्र कुमार द्वारा किए गए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव के बाद जमीनी स्तर पर अनुसंधान कार्यों में तेजी आने और सीमांचल की थानों की सक्रियता में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृगेंद्रमणि सिंह

मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >