अररिया : जिले में अनुकंपा के आधार पर नौ चौकीदारों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है. सोमवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई जिला अनुकंपा समिति की बैठक में नियुक्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा के बाद नौ चौकीदार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया. नियुक्ति पत्र मिलते ही नवनियुक्त चौकीदारों के चेहरे पर खुशी नजर आयी.
जिलाधिकारी ने नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए नवनियुक्त चौकीदारों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं. सभी कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें. आम लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार रखने पर भी उन्होंने जोर दिया.
पात्र मामलों का नियमानुसार हो रहा निष्पादन
जिला अनुकंपा समिति की बैठक में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा की गयी. पात्र मामलों का नियमानुसार निष्पादन करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है.
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नवनियुक्त चौकीदारों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया. उनके लिए सरकारी नौकरी मिलना लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत के रूप में सामने आया.
