अररिया : जिला मुख्यालय में रविवार को नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शिवपुरी वार्ड संख्या 9 के चंद्रा चौक स्थित एबीसी नहर पुल के नीचे पानी में कपड़े में लिपटा नवजात पड़ा मिला. राहगीरों की नजर पड़ने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर अस्पताल भेजा
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसआई राज नारायण यादव समेत पुलिस बल की मौजूदगी में सदर अस्पताल को सूचना दी गई. इसके बाद डॉक्टर और नर्स की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और नवजात को पानी से बाहर निकालकर सदर अस्पताल ले गई. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अज्ञात के खिलाफ जांच शुरू
पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है. आशंका है कि रात के अंधेरे में किसी ने नवजात को पुल के नीचे फेंका होगा.
स्थानीय लोगों के अनुसार, अररिया शहर में नवजात को लावारिस छोड़ने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी अलग-अलग स्थानों पर ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
